एक अक्षर बदलने पर भी पूरी पंक्ति क्यों निशान लगती है
तुलना पंक्ति दर पंक्ति होती है। दो पंक्तियाँ या तो एक जैसी हैं या नहीं, इसलिए एक टाइपिंग ग़लती सुधारने पर भी वह पूरी पंक्ति दोबारा लिखी हुई मानी जाती है। हाँ, दोबारा लिखी पंक्ति के भीतर बदले हुए शब्द चिह्नित मिलते हैं, और आम तौर पर उतने से बात साफ़ हो जाती है।
यह बात सबसे ज़्यादा तब खटकती है जब पूरा पैराग्राफ़ एक ही पंक्ति में हो, और वर्ड प्रोसेसर से कॉपी करने पर ऐसा ही होता है। तीन सौ शब्दों के पैराग्राफ़ में एक शब्द बदला हो तो भी वह एक विशाल दोबारा लिखी पंक्ति दिखेगा। गद्य की तुलना करनी हो तो पहले दोनों संस्करणों में हर वाक्य के बाद लाइन ब्रेक डाल दें। नतीजा कहीं ज़्यादा पढ़ने लायक़ हो जाता है और दोबारा लिखी पंक्तियों की गिनती के मायने भी बनते हैं।
दोनों विकल्प कब चालू करें
बड़े-छोटे अक्षर न देखें उस लेख के लिए है जो शैली-संपादन से गुज़रा हो। अगर किसी ने सारे शीर्षक title case से sentence case में बदल दिए हैं तो हर शीर्षक दोबारा लिखी पंक्ति गिना जाएगा और असली बदलाव उसमें दब जाएँगे। यह विकल्प चालू करने पर सिर्फ़ वही जगहें बचती हैं जहाँ विषय-वस्तु सचमुच बदली है।
स्पेस का अंतर न देखें उस लेख के लिए है जो एक प्रोग्राम से दूसरे में घूमकर आया हो। PDF से कॉपी करना, ईमेल क्लाइंट में पेस्ट करना या कोड को फ़ॉर्मैटर से निकालना — ये सब शब्द छुए बिना इंडेंट और स्पेस बदल देते हैं। विकल्प चालू होने पर पंक्ति के आगे-पीछे के स्पेस हट जाते हैं और लगातार आए कई स्पेस एक गिने जाते हैं।
दोनों विकल्प केवल तुलना का आधार बदलते हैं। स्क्रीन पर वही दिखता रहता है जो आपने पेस्ट किया, स्पेस और अक्षरों की केस समेत।
प्रतिशत कैसे पढ़ें
यह संख्या उन पंक्तियों का अनुपात है जो दोनों संस्करणों में ज्यों की त्यों हैं। यह बताती है कि इस दस्तावेज़ का कितना हिस्सा आपने छुआ ही नहीं, और लौटे हुए मसौदे की जाँच करते समय या ट्रांसलेशन मेमोरी से आए वाक्य में कितना बदलाव हुआ यह देखते समय काम आती है।
यह नक़ल पकड़ने का स्कोर नहीं है। दो लेख पंक्ति के हिसाब से बिल्कुल न मिलें और फिर भी वाक्य क्रम बदलकर एक ही बात कह रहे हों, यह मुमकिन है; और सिर्फ़ लाइन ब्रेक दोबारा लगाने से एक भी शब्द बदले बिना यह संख्या शून्य हो जाती है। इसे संपादन की मात्रा नापने के लिए इस्तेमाल करें, लेखकत्व तय करने के लिए नहीं।
अनुबंध या लौटा हुआ मसौदा जाँचना
सबसे आम स्थिति यही है कि सामने वाला संशोधित प्रति भेज देता है पर बताता नहीं कि कहाँ-कहाँ हाथ लगाया। भेजी हुई प्रति बाईं ओर और लौटी हुई दाईं ओर पेस्ट कीजिए, हर जोड़, हर कटौती और हर पुनर्लेखन क्रम से सामने आ जाएगा।
हटाई गई पंक्तियों को ख़ास ध्यान से पढ़िए। कोई नई शर्त जुड़ी हो तो दस्तावेज़ पढ़ते हुए दिख जाती है, पर कोई दायित्व या कोई समय-सीमा हट जाए तो पीछे कुछ नहीं छूटता जिस पर नज़र अटके — वह यहीं उजागर होता है।
कोड की तुलना करते समय
लाइन के अंत का मामला यहाँ अपने आप सँभल जाता है। Windows पर सहेजी फ़ाइल पंक्ति CRLF से ख़त्म करती है और macOS या Linux पर सहेजी LF से; यहाँ दोनों एक तरह से पढ़े जाते हैं, इसलिए सिर्फ़ इस फ़र्क़ से कोई पंक्ति बदली हुई नहीं गिनी जाती।
टैब और स्पेस के साथ भी यही होता है। टैब से चार स्पेस में बदली गई फ़ाइल तब तक हर पंक्ति को दोबारा लिखी हुई दिखाती रहेगी जब तक स्पेस को अनदेखा न किया जाए।